कांके रोड स्थित कृषि भवन में ट्रांसफार्मर में लगी आग से मची हड़कंप, समय रहते टला बड़ा हादसा

NEWS SAGA DESK

रांची : राजधानी रांची के कांके रोड स्थित कृषि भवन में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। कृषि भवन के मुख्य द्वार के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से पहले हल्का धुआं उठता दिखा, जिसके बाद अचानक लपटें उठने लगीं। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड्स ने तुरंत फायर ब्रिगेड और स्थानीय थाना को इसकी सूचना दी। चूंकि ट्रांसफार्मर सड़क के बिल्कुल पास था, इसलिए विस्फोट की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक रोक दिया। करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद आग बुझा ली गई।

गार्ड्स ने बताया कि ट्रांसफार्मर से धुआं निकलते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए लोगों को भवन के अंदर जाने से रोक दिया और स्थिति को संभालने की कोशिश की। आग लगने से ट्रांसफार्मर पूरी तरह से जल गया, जिसके चलते कृषि भवन की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। फिलहाल वैकल्पिक साधनों से बिजली की आपूर्ति की जा रही है और बिजली विभाग को नया ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट पाई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस और दमकल की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई। ट्रैफिक व्यवस्था को अब सामान्य कर दिया गया है।

Read More News

Read More