बंगाल ले जाए जा रहे भैंसों से लदे दो कंटेनर जब्त, छह आरोपित हिरासत में

News saga Desk

लोहरदगा : गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए लोहरदगा सदर थाना पुलिस और बड़की चांपी पिकेट के जवानों ने शुक्रवार तड़के कुड़ू मार्ग से भैंसों से भरे दो कंटेनर जब्त किए। कंटेनरों में करीब 89 भैंस और भैंसे लदे मिले। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालक, खलासी और दो अन्य समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से सदर थाना में पूछताछ जारी है।

सूचना मिलते ही एसपी सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई और वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सुबह लगभग तीन बजे दोनों कंटेनरों को रोका गया। जांच के दौरान परिवहन और पशुओं को बाहर ले जाने के किसी भी तरह के कागजात चालक व व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

कंटेनरों को सुरक्षा के साथ कुड़ू के टिको नदी तट पर ले जाया गया। यहां प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकुतला सुरेन ने पशुओं की स्वास्थ्य जांच की। बाद में प्रखंड के विभिन्न गांवों के किसानों को जिम्मेनामा पर एक-एक भैंस की सुपुर्दगी कर दी गई।

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में किसान और आमजन मौके पर पहुंच गए, जिससे पुलिस को हालात संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपितों से भैंस तस्करी के संभावित नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।

Read More News

Read More