धनबाद में दो ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त, जनसरोकार संस्था ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

News Saga Desk

धनबाद। बरमसिया और प्रधानखंता रेलवे ओवरब्रिज की जर्जर स्थिति से परेशान लोगों की मांग को लेकर जनसरोकार संस्था का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को डीआरएम अखिलेश मिश्रा से मिला। संस्था के प्रतिनिधि रमेश कुमार राही के नेतृत्व में डीआरएम को ज्ञापन सौंपते हुए दोनों ओवरब्रिज से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान की अपील की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मात्र तीन साल पहले निर्मित प्रधानखंता ओवरब्रिज में दरारें उभरनी चिंता का विषय है। भारी वाहनों के आवागमन पर रोक के कारण स्थानीय लोगों को दिन-प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस पर डीआरएम ने कहा कि क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के परिचालन के चलते पुल को नुकसान पहुंचा है। डिजाइन में सुधार के बाद ही भारी वाहनों की आवाजाही बहाल की जा सकेगी।

वहीं लगभग 15 वर्ष पहले निर्मित बरमसिया ओवरब्रिज फिलहाल मरम्मत के लिए बंद है, जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को सात से आठ किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है। संस्था ने तत्काल पुराने वैकल्पिक मार्ग को खोलने की मांग रखी ताकि आम लोगों की परेशानी कम हो सके।

डीआरएम ने जानकारी दी कि मरम्मत कार्य के लिए 45 दिनों का समय तय है, लेकिन कार्य की गति बनी रही तो इसे 12 दिन पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कन्हैया पांडे, उपाध्यक्ष रंजन महतो और सोनी सरदार शामिल थे।

Read More News

Read More