NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हिन्दू बस्ती में सोमवार देर रात एक कपड़ा गोदाम में भीषण आग लग गई। भारत रेडीमेड नामक इस गोदाम में आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते अंदर रखा सारा माल जलकर राख हो गया। आगजनी से लगभग 25 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
गोदाम मालिक रेहान खान ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली कि उनके गोदाम में आग लगी है। जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक पूरा गोदाम धधक रहा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि आग लगने से कुछ देर पहले चार–पांच संदिग्ध युवक गोदाम के सामने खड़े देखे गए थे। रेहान खान को शक है कि इन्हीं युवकों ने जानबूझकर आग लगाई होगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में गोलमुरी क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। कभी वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं, तो कभी आगजनी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि शहर में बीते कुछ दिनों से आगजनी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। हाल ही में जुगसलाई, सिदगोड़ा और सोनारी इलाकों में भी वाहनों में आग लगाने की वारदातें हुई थीं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
No Comment! Be the first one.