NEWS SAGA DESK
रांची : झारखंड में मौसम एक बार फिर बदलाव की ओर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस सप्ताह के लिए राज्य के तापमान और आसमान की स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और ज्यादातर जिलों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य दायरे में बने रहे। आने वाले दिनों में कोहरा, धुंध और तापमान में उतार-चढ़ाव लोगों को बदलते मौसम का असर महसूस कराएंगे।
पिछले 24 घंटे का तापमान रिकॉर्ड
राज्य में बीते दिन कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं हुई। चाईबासा 29.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। वहीं गुमला में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से -2.0 से +2.0 डिग्री के दायरे में रहा। बोकारो का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।
सुबह पड़ेगा कोहरा और धुंध
आईएमडी के अनुसार, 2 दिसंबर 2025 तक झारखंड के कई जिलों में सुबह कोहरा या धुंध छा सकता है। दिन में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। 3 से 6 दिसंबर तक भी सुबह के समय कोहरा-धुंध रहेगा, जबकि दोपहर में आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान 3-4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड में फिर तेजी आएगी। इस सप्ताह किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। राजधानी रांची में आने वाले दिनों में सुबह कोहरा-धुंध, जबकि दिन में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं। 3 दिसंबर से आसमान साफ होने के साथ ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
No Comment! Be the first one.