साइबर ठगी का नया तरीका, व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर खाते से उड़ाए 2.73 लाख रुपये

News Saga Desk

राजधानी रांची में साइबर अपराधियों का नेटवर्क लगातार सक्रिय होता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह के भीतर साइबर ठगी के एक दर्जन से ज्यादा मामले विभिन्न थानों में दर्ज किए गए हैं। साइबर अपराधी कभी मोबाइल हैक कर तो कभी एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अब ठगों ने लोगों को फंसाने के लिए नया तरीका अपनाया है। साइबर अपराधी व्हाट्सएप पर शादी का डिजिटल कार्ड भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर रहे हैं।

शादी का कार्ड खोलते ही मोबाइल हुआ हैक

ताजा मामला रांची के हेहल इलाके का है, जहां निवासी रामचंद्र साइबर ठगी का शिकार हो गए। इस संबंध में उन्होंने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित रामचंद्र ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को उनके व्हाट्सएप पर एक शादी का कार्ड आया था। कार्ड देखने के लिए जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया।

खाते से पांच बार में उड़ाए 2.73 लाख रुपये

मोबाइल हैक होने के बाद साइबर अपराधियों ने दो मई को उनके बैंक खाते से पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2.73 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली। रामचंद्र को इस ठगी की जानकारी तब हुई जब उनके मोबाइल पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक और पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगों ने किस माध्यम से मोबाइल हैक किया और पैसे किस खाते में ट्रांसफर किए गए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या व्हाट्सएप पर आए संदिग्ध मैसेज को बिना जांचे-परखे क्लिक न करें।

ऐसे करें साइबर ठगी से बचाव

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह की ठगी से बचने के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए:

  • किसी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें।
  • व्हाट्सएप पर भेजी गई APK या फाइल डाउनलोड करने से बचें।
  • बैंकिंग डिटेल्स और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
  • मोबाइल में मजबूत पासवर्ड और सिक्योरिटी फीचर का इस्तेमाल करें।
  • संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाएं

रांची समेत पूरे झारखंड में साइबर अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चला रही है, लेकिन इसके बावजूद लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं।

Read More News

Read More