News Saga Desk
धनबाद/बाघमारा | तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ पहाड़ी इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी भानु मांझी घायल हो गया। पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे असर्फी अस्पताल, धनबाद में भर्ती कराया गया है। भानु मांझी जमशेदपुर का नामी अपराधी है, जिस पर हत्या, रंगदारी और फायरिंग जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस तेतुलमारी क्षेत्र में नियमित गश्ती कर रही थी। इसी दौरान भानु मांझी बाइक पर सवार होकर राजगंज-तेतुलमारी मुख्य सड़क से गुजर रहा था। पुलिस ने बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन भानु ने उलटे पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें भानु घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार भानु मांझी हत्या, रंगदारी और गोलीबारी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि भानु के खिलाफ जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में दर्जनों मामले दर्ज हैं। बीते सितंबर में राजगंज के एक पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी में भी उसकी संलिप्तता पाई गई थी।
भानु का संबंध प्रिंस खान गिरोह से भी बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह गिरोह के लिए काम करता था और रंगदारी वसूली समेत कई आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था।
धनबाद पुलिस ने रविवार रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भानु मांझी और प्रिंस खान गिरोह से जुड़े 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया था। तभी से पुलिस की निगाहें भानु मांझी पर टिकी थीं। मंगलवार की मुठभेड़ उसी ऑपरेशन का हिस्सा थी।
घटनास्थल से पुलिस ने एक बाइक, खून से सनी चप्पल और 9 एमएम की पिस्टल बरामद की है। पुलिस को संदेह है कि भानु के कुछ साथी तिलाटांड़ पहाड़ी के जंगल में छिपे हो सकते हैं, जिसके चलते क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया,
“पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पर अपराधी ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। भानु मांझी के खिलाफ दर्जनों मामले हैं और वह लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।”
No Comment! Be the first one.