NEWS SAGA DESK
बाघमारा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) धनबाद की ओर से रविवार को तोपचांची प्रखंड के आदिवासी टोला में एक कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में डालसा के पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) उपस्थित रहे। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पीएलवी ने बताया कि डालसा का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को न्याय की पहुंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी होना हर नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वे अपने हक और अधिकार के लिए सही तरीके से कानूनी लड़ाई लड़ सकें।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को स्पॉन्सरशिप योजना, मोटर वाहन दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु होने पर मुआवजा, दिव्यांग प्रमाण पत्र, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया, तथा सामाजिक या पारिवारिक हिंसा से पीड़ित महिलाओं और वृद्धजनों को न्याय दिलाने की व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया।
पीएलवी ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक न्याय पहुँचाना डालसा की प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित रूप से ग्रामीण इलाकों में कानूनी जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मौके पर लोगों को बताया गया कि किसी भी कानूनी मदद या शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान उपस्थित पीएलवी सदस्यों में विजय मोदक, मोनू कुमार यादव बाघमारा थाना दिवाकर कुमार कतरास थाना, दीपिका टोप्पो रामगुनी पंचायत, सैफ्रन आज़मी मलकेरा पंचायत, राहुल कुमार बेहराकुंदर पंचायत, साईसता अंजुम पातालबरी पंचायत से मौजूद थे.सभी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं और दूसरों को भी जागरूक करें।
No Comment! Be the first one.