News Saga Desk
रांची: चक्रवाती तूफान मोंथा का असर झारखंड में अब साफ नजर आने लगा है। बुधवार सुबह से ही राजधानी रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई इलाकों में लगातार रुक-रुककर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा का प्रभाव झारखंड में 28 अक्टूबर से शुरू हुआ था, जब दोपहर के बाद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। आंध्र प्रदेश तट से टकराने के बाद तूफान धीरे-धीरे कमजोर पड़ा और अब यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए डीप डिप्रेशन में बदलने की ओर है।
फिर भी झारखंड के कई जिलों में अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी (मौसम विभाग) ने रांची, खूंटी, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी रांची में सुबह से ही घने बादल छाए हैं और दिनभर हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में बारिश जारी रहेगी। तापमान में गिरावट के साथ मौसम ठंडा हो गया है और आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आने की संभावना है।
हालांकि मोंथा अब कमजोर हो चुका है, लेकिन झारखंड में इसका असर फिलहाल जारी रहेगा – जिससे कई जिलों में लगातार बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना पर ठंडा हो गया है।
No Comment! Be the first one.