NEWS SAGA DESK
पलामू। पलामू जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के दौरान बड़ा हादसा हुआ। मंगलवार रात चुरादोहर बाजार के पास अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से उस पर बैठे मजदूर की चक्के के नीचे दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान कसवाखाड़ निवासी अजय यादव (41) के रूप में हुई है। घटना के बाद मामले को छिपाने के इरादे से ट्रैक्टर चालक अविनाश यादव और मालिक राजदेव यादव ने मजदूर का शव पास के नाले में फेंक दिया और बालू को दूसरी जगह उतार दिया। सूचना मिलते ही मजदूर के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर जब्त कर लिया। आरोपी चालक और मालिक फरार हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे अजय यादव ट्रैक्टर चालक के साथ जिंजोई नदी से अवैध बालू ढोकर लौट रहा था। चुरादोहर बाजार के समीप आम के पेड़ के नीचे लकड़ी पर चढ़ते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और अजय गिरकर पिछले चक्के के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार जिंजोई नदी से लंबे समय से रात में अवैध बालू उठाव होता रहा है। मृतक दीपावली से पहले हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से मजदूरी कर लौटा था। उसके तीन बच्चे हैं — दो बेटे और एक बेटी। परिवार ने गाड़ी मालिक और सरकार से मुआवजे की मांग की है। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश है और ग्रामीणों ने अवैध बालू कारोबार पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।
No Comment! Be the first one.