23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी ‘बॉर्डर 2’, अहान शेट्टी बोले- यह सिर्फ फिल्म नहीं, वर्दीधारियों को श्रद्धांजलि है

News Saga DesK

वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कुछ दिन पहले रिलीज हुए टीजर ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है, जिसमें सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ दमदार अवतार में नजर आए थे।

फिल्म को लेकर अभिनेता अहान शेट्टी ने कहा है कि ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं है, बल्कि यह देश की सेवा करने वाले जवानों के लिए एक श्रद्धांजलि है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में अहान ने बताया कि निर्देशक अनुराग सिंह ने शुरुआत से ही साफ कर दिया था कि इस फिल्म को आम एक्शन मूवी की तरह नहीं, बल्कि सैन्य सटीकता और वास्तविकता के साथ बनाया जाएगा।

अहान शेट्टी ने कहा, “अनुराग सिंह मानते हैं कि असलियत बनाई नहीं जा सकती, उसे कमाना पड़ता है। उन्होंने मुझे सिर्फ सीन करने के बजाय एक सैनिक की मानसिकता में ढलने के लिए प्रेरित किया।” उन्होंने आगे बताया कि अपने किरदार को निभाते समय उन्हें यह समझना पड़ा कि एक सैनिक हर पल क्या महसूस करता है-ट्रेनिंग का दबाव, अपनी टीम के प्रति जिम्मेदारी और यह एहसास कि हर फैसला जिंदगी और मौत के बीच का हो सकता है।

अहान ने कहा, “हम सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं बना रहे थे, हम उस सेवा को सलाम कर रहे थे, जहां हर फ्रेम उन असली हीरोज का सम्मान करता है जो वर्दी पहनते हैं।”

‘बॉर्डर 2’ का टीजर 16 दिसंबर को विजय दिवस के मौके पर रिलीज किया गया था। फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Read More News

Read More