फिल्म ‘इक्कीस’ का पहला रिव्यू आया सामने, मुकेश छाबड़ा बोले-दिल से बनी ईमानदार और भावुक कहानी

News Saga Desk

श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म ‘इक्कीस’ का पहला रिव्यू रिलीज से पहले सामने आ गया है। यह फिल्म 1 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इससे पहले 28 दिसंबर को मुंबई में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें फिल्म से जुड़े कई नामचीन लोग मौजूद रहे। स्क्रीनिंग के बाद कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने फिल्म की जमकर तारीफ की और इसे दिल को छू लेने वाला सिनेमा बताया।

फिल्म में धर्मेंद्र, अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि ‘इक्कीस’ दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म बताई जा रही है। स्क्रीनिंग के दौरान सनी देओल और बॉबी देओल भी मौजूद थे, जो भावुक नजर आए।

मुकेश छाबड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का रिव्यू साझा करते हुए लिखा कि ‘इक्कीस’ पूरी तरह दिल से बनाई गई एक कोमल और ईमानदार कहानी है, जो फिल्म खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक दर्शकों के साथ रहती है। उन्होंने धर्मेंद्र के अभिनय की खास तारीफ करते हुए लिखा कि उनकी परफॉर्मेंस में गहराई और गरिमा साफ झलकती है और उन्होंने दर्शकों के लिए एक बेहद भावनात्मक याद छोड़ दी है।

जयदीप अहलावत के अभिनय को लेकर मुकेश छाबड़ा ने कहा कि उनका काम सरप्राइज देने वाला है और उन्होंने उम्मीद से कहीं ज्यादा प्रभावित किया। वहीं अगस्त्य नंदा और सिमर भाटिया की भी तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा कि दोनों स्क्रीन पर काफी अच्छे लगे और उनकी केमिस्ट्री बेहद स्वाभाविक है। अगस्त्य की मासूमियत और ईमानदारी फिल्म में साफ नजर आती है।

इसके अलावा विवान शाह और सिकंदर खेर के अभिनय को भी उन्होंने सराहा। अंत में निर्देशक श्रीराम राघवन की तारीफ करते हुए मुकेश छाबड़ा ने उन्हें “द मैन, द मास्टर” कहा और फिल्म को ऐसा सिनेमा बताया जो दिल से कहा गया और दर्शकों को अपना सा लगता है।

स्पेशल स्क्रीनिंग के बाद सामने आए वीडियो में बॉबी देओल काफी भावुक नजर आए। पैपराजी से बात करते समय वह अपनी भावनाएं संभाल नहीं पाए और कार में बैठते ही रोते हुए दिखाई दिए। फिल्म ‘इक्कीस’ को लेकर अब दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More