भारतीय रेलवे का डिजिटल ऑफर: RailOne ऐप से जेनरल टिकट पर 3% छूट, छह महीने तक मिलेगा फायदा

News Saga Desk

अब रेलवे में जेनरल यानी अनारक्षित टिकट की यात्रा न सिर्फ आसान, बल्कि सस्ती भी होने वाली है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग की ओर प्रोत्साहित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत RailOne ऐप से जेनरल टिकट बुक करने पर अब 3 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

रेल मंत्रालय के निर्देश पर यह सुविधा 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक छह महीने के लिए लागू रहेगी। खासकर रोजाना यात्रा करने वाले और कम दूरी के यात्री इस योजना से सीधे लाभान्वित होंगे।

रेलवे ने इस योजना को लागू करने के लिए सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) को सॉफ्टवेयर अपडेट करने का निर्देश दिया है। इसका मतलब यह है कि RailOne ऐप पर टिकट बुक करते ही 3 प्रतिशत की छूट अपने आप किराये में जुड़ जाएगी।

इस योजना में कोई भी डिजिटल भुगतान तरीका चलेगा। यात्री चाहे यूपीआई, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या RailOne वॉलेट से भुगतान करें, सभी को छूट मिलेगी।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि योजना का उद्देश्य रेलवे टिकटिंग को डिजिटल बनाना और नकद लेन-देन को कम करना है। इससे काउंटर पर भीड़ कम होगी, समय की बचत होगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।

RailOne ऐप

RailOne ऐप को रेलवे का ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ कहा जा रहा है। इस ऐप से यात्री आरक्षित, जेनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक कर सकते हैं। साथ ही ट्रेन की लाइव लोकेशन, पीएनआर स्टेटस, कोच पोजिशन, भोजन बुकिंग, शिकायत या सुझाव और पार्सल ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

यह ऐप एंड्रॉइड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त में डाउनलोड किया जा सकता है। रेलवे का यह डिजिटल कदम यात्रियों के लिए सुविधा और बचत, दोनों लेकर आया है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More