मंगेतर की हत्या मामले में पिता का छलका दर्द, बोले- रिश्ता तोड़ देते, हत्या की क्या जरूरत थी

NEWS SAGA DESK

पुणे :- पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मृतक के पिता का दर्द सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि सिया गोयल शादी नहीं करना चाहती थी तो वह स्पष्ट रूप से मना कर सकती थी। परिवार तत्काल रिश्ता समाप्त कर देता, लेकिन किसी की जान लेना बेहद क्रूर और अमानवीय कदम है।

उन्होंने कहा कि उनके 26 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह समझ से परे है कि कोई व्यक्ति ऐसी सोच कैसे विकसित कर सकता है, जो हत्या जैसी वारदात को अंजाम देने तक पहुंच जाए। साथ ही उन्होंने मामले का त्वरित खुलासा करने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस और पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल की सराहना की।

लोहगढ़ किले पर हादसे की कहानी से शुरू हुआ शक

जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल की फरवरी में सगाई हुई थी। 18 जून को दोनों महाराष्ट्र के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। बाद में सिया ने परिजनों को सूचना दी कि केतन किले से फिसलकर खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

शुरुआत में घटना को दुर्घटना माना गया, लेकिन केतन के परिजनों को इस कहानी पर संदेह हुआ। पुलिस जांच के दौरान भी कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे मामला संदिग्ध प्रतीत होने लगा।

प्रेम संबंध और साजिश का खुलासा

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, रिश्तेदारों, दोस्तों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान चेतन चौधरी का नाम सामने आया, जो सिया गोयल का करीबी मित्र बताया गया।

पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन पिछले लगभग एक वर्ष से एक-दूसरे के संपर्क में थे और विवाह करना चाहते थे। इसी बीच सिया की सगाई केतन अग्रवाल से हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

हत्या के बाद सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट

जांच में पुलिस ने दावा किया है कि लोहगढ़ किले पर सिया और चेतन ने मिलकर केतन पर हमला किया और बाद में उसे खाई में धक्का दे दिया। इसके बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सिया गोयल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था कि केतन उसे जन्मदिन और शादी से पहले छोड़कर चला गया। जबकि जांच में उसी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप सामने आया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Read More News

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान, पत्नी रूपी सोरेन ने ग्रहण किया पुरस्कार

झारखंड आंदोलन के जननायक और झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण सम्मान से नवाजा गया। नई...

संथाल परगना दौरे पर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी, मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर दिया जोर

राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत उन्होंने...

पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा...

Read More