News Saga Desk
रांची: गांडेय विधायक एवं झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति कल्पना सोरेन ने “संघे शक्ति कलियुगे” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए विकेन्द्रित उत्पादन प्रणाली और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के माध्यम से कहा कि सहकारी मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट में मुंबई स्थित डब्बावाला इंटरनेशनल एक्सपीरियंस सेंटर के दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि महिला एवं बाल विकास समिति, झारखंड विधानसभा के महाराष्ट्र एक्सपोज़र विजिट के दौरान उन्हें मुंबई के प्रसिद्ध डब्बावालों की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला। लगभग 135 वर्षों से अनुशासन, समयबद्धता और मेहनत के लिए पहचाने जाने वाले डब्बावालों की व्यवस्था को उन्होंने प्रेरणादायक बताया।
कल्पना सोरेन ने कहा कि Shri Mahila Griha Udyog Lijjat Papad केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का सशक्त आंदोलन है, जिसने लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहकारी मॉडल सामाजिक और आर्थिक बदलाव लाने की बड़ी क्षमता रखते हैं।
उन्होंने “डिस्ट्रिब्यूटेड प्रोडक्शन” यानी विकेन्द्रित उत्पादन प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल महिलाओं को घर या स्थानीय स्तर पर रहकर काम करने का अवसर देता है। इससे महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी सशक्त बनती हैं। साथ ही स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को भी बढ़ावा मिलता है।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गृह एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देना जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि लिज्जत पापड़ जैसे सफल मॉडलों को हस्तशिल्प, खाद्य प्रसंस्करण और लघु उद्योग जैसे क्षेत्रों में भी लागू किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर मिल सकें।
उन्होंने सरकार, स्वयंसेवी संस्थाओं और निजी क्षेत्र से समन्वित प्रयास करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों को स्थायी और सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराई जा सकती है।
कल्पना सोरेन का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और महिला सशक्तिकरण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर नई चर्चा को जन्म दे रहा है।
No Comment! Be the first one.