News Saga Desk
पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक हाउसिंग सोसायटी की लिफ्ट में फंस जाने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवांश शैलेश धुत के रूप में हुई है।
घटना निंबज नगर स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे शिवांश सोसायटी परिसर में खेल रहा था। इसी दौरान वह लिफ्ट में चला गया।
बताया जा रहा है कि बच्चे द्वारा लिफ्ट के बटन दबाने के बाद लिफ्ट चलने लगी, लेकिन दूसरी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही अचानक बीच में अटक गई। काफी देर तक बच्चा बाहर नहीं निकला तो सोसायटी के लोगों को शक हुआ। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को लिफ्ट से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
सिंहगढ़ रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विनय पाटनकर ने बताया कि शुरुआती जांच में लिफ्ट में किसी तकनीकी खराबी के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस के अनुसार, लिफ्ट का मेंटेनेंस हाउसिंग सोसायटी द्वारा कराया जाता था। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.