News Saga Desk
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश की 131 प्रतिष्ठित हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करेंगी। कला, साहित्य, खेल, विज्ञान, समाज सेवा और सार्वजनिक जीवन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
इस वर्ष पद्म पुरस्कारों की सूची में कई बड़े और चर्चित नाम शामिल हैं, जिन पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है। झारखंड आंदोलन के प्रमुख स्तंभ और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक रहे शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान सार्वजनिक जीवन और झारखंड राज्य के गठन में उनके ऐतिहासिक योगदान के लिए दिया जा रहा है। इसे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
पद्म सम्मान की घोषणा के बाद JMM और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सम्मान के लिए आभार जताया। साथ ही उन्होंने शिबू सोरेन को भारत रत्न दिए जाने की अपनी मांग भी दोहराई। उनका कहना है कि झारखंड और आदिवासी समाज के लिए शिबू सोरेन का योगदान ऐतिहासिक और अतुलनीय रहा है।
वहीं भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को सिनेमा जगत में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को खेल जगत में शानदार प्रदर्शन और भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा जाएगा।
इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इनमें कला, शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, उद्योग, विज्ञान और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़े कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। सूची में महिलाओं और विभिन्न राज्यों से आने वाले ऐसे व्यक्तित्व भी शामिल हैं जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया है।
आज का यह समारोह उन महान हस्तियों को सम्मान देने का अवसर है जिन्होंने अपने कार्यों और उपलब्धियों से देश का नाम विश्व स्तर पर ऊंचा किया है।
No Comment! Be the first one.