कर्नाटक के सीएम सिद्दारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार के लिए रास्ता साफ

News Saga Desk

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के साथ ही राज्य कांग्रेस में लंबे समय से चल रही नेतृत्व की खींचतान लगभग खत्म होती दिख रही है। अब माना जा रहा है कि D. K. शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिद्दारमैया अपने सरकारी आवास से राजभवन पहुंचे और वहां राज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों को अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल फिलहाल प्रदेश से बाहर हैं और उनके देर रात लौटने की संभावना है।

इस्तीफे के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिद्दारमैया ने कहा,
“मैंने अपना इस्तीफा राज्यपाल कार्यालय में जमा कर दिया है। राज्यपाल फिलहाल यहां नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना पत्र अधिकारियों को सौंपा है।”

उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान के निर्देश मिलते ही वह इस्तीफा देने के लिए तैयार थे।
“मैं पहले भी कह चुका था कि जब हाईकमान कहेगा, मैं पद छोड़ दूंगा। आज मैंने वही किया है। इसमें किसी तरह की निराशा नहीं है।”

सिद्दारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें कर्नाटक के सात करोड़ लोगों की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि दो बार मुख्यमंत्री और दो बार विपक्ष का नेता बनने का मौका देने के लिए वह सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के आभारी हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस के सभी विधायक D. K. शिवकुमार के समर्थन में हैं और पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत मौजूद है।

गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर हुई अहम बैठक में डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जब सिद्दारमैया ने इस्तीफे की घोषणा की, तो कई मंत्री भावुक हो गए। कर्नाटक के आबकारी मंत्री R. B.तिम्मापुर ने बताया कि कई मंत्री खुद को संभाल नहीं पाए और रो पड़े। इस दौरान सिद्दारमैया भी भावुक नजर आए।

बैठक से पहले डीके शिवकुमार ने सिद्दारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। दोनों की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

Read More News

Read More