ग्वालियर में “शक्ति दीदी” पहल से महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर

NEWS SAGA DESK

ग्वालियर;- मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में “शक्ति दीदी” नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शुरू की गई इस पहल के तहत महिलाएं अब पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलीवरी वर्कर के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं। गुरुवार को छह और महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में नियुक्त किया गया। जिले में अब तक 118 जरूरतमंद महिलाएं इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।

जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने गुरुवार को रेसकोर्स रोड स्थित सैनिक फिलिंग स्टेशन पर गायत्री और केसर फिलिंग स्टेशन पर प्रवीणा को शक्ति दीदी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान उन्होंने महिलाओं का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शक्ति दीदी की जैकेट भी पहनाई।

कलेक्टर चौहान ने महिलाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सभी महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस उनकी हरसंभव सहायता के लिए तैयार है। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए कि शक्ति दीदियों को कार्यस्थल पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक राहुल पाठक और सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी सौरभ जैन भी मौजूद रहे।

इसी क्रम में जिले के अन्य अधिकारियों ने बड़ागांव स्थित कामतानाथ फिलिंग स्टेशन पर कल्पना, कम्पू स्थित सुविधा फ्यूल्स पर सोनम और संध्या तथा गोला का मंदिर स्थित इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन पर अनुराधा को शक्ति दीदी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी।

Read More News

Read More