NEWS SAGA DESK
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। गुरुवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हुई है।
अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी लखनऊ में भी दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा अब पूरी तरह खत्म हो चुका है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है। लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक रियल एस्टेट कारोबारी की सरेआम हत्या इसका बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक रोज कई हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में असली अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है, जबकि राजनीतिक कारणों से निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। इसी वजह से प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने महोबा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मंगलवार को बकरी चराने गए एक व्यक्ति का शव कुएं में मिला, जबकि जिले में ही खेत में झोपड़ी में सो रहे किसान की हत्या कर दी गई।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे आगे है। उन्होंने दलित उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि दबंगों और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलने से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हटने के बाद ही प्रदेश में अपराध कम होंगे और कानून व्यवस्था में सुधार आएगा।
No Comment! Be the first one.