News Saga Desk
X अकाउंट बैन मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई जारी, 6 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौटेंगे। भारत वापसी के बाद वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे। दिपके ने कहा है कि इस प्रदर्शन के दौरान वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे। इसकी जानकारी उन्होंने अपने नए एक्स अकाउंट ‘कॉकरोच इज बैक’ के माध्यम से साझा की है।
गौरतलब है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने 29 मई को कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स अकाउंट से प्रतिबंध हटाने की मांग पर तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि अदालत ने केंद्र सरकार और एक्स को नोटिस जारी करते हुए चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
अभिजीत दिपके ने दिल्ली हाईकोर्ट में उस सरकारी आदेश को चुनौती दी है, जिसके तहत राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के एक्स हैंडल को ब्लॉक किया गया था। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव की पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार का पक्ष सुने बिना इस मामले में कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया जा सकता, क्योंकि इसके व्यापक और दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को निर्धारित की है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के इनपुट के आधार पर केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए कार्रवाई की थी। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत एक्स को अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया था। दिपके की ओर से यह याचिका अधिवक्ता नकुल गांधी के माध्यम से दायर की गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी का मूल एक्स अकाउंट 21 मई को ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय अकाउंट पर 1.93 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। इसके बाद संगठन ने ‘कॉकरोच इज बैक’ नाम से नया अकाउंट बनाया, जिसके बायो में लिखा गया है “Cockroaches Don’t Die” यानी “कॉकरोच मरते नहीं”।
सोशल मीडिया पर CJP की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इंस्टाग्राम पर इसके 2.23 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं, जबकि नए एक्स अकाउंट पर भी बड़ी संख्या में लोग जुड़ चुके हैं।
इधर, अभिजीत दिपके को भारत लाने की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक भाजपा कार्यकर्ता द्वारा याचिका दायर किए जाने की भी चर्चा है। ऐसे में 6 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन और उससे जुड़ी घटनाक्रम पर राजनीतिक और सोशल मीडिया जगत की नजर बनी हुई है।
No Comment! Be the first one.