News Saga Desk
पूर्वी सिंहभूम: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उम्मीदवार चयन और चुनावी रणनीति से संबंधित पूरी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है। अब अंतिम निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा। जमशेदपुर दौरे के दौरान परिसदन में मीडिया से बातचीत में बाबूलाल ने कहा कि प्रदेश इकाई ने सभी पहलुओं पर विचार कर अपनी रिपोर्ट तैयार की है और उसे दिल्ली भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह संगठित है और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
मरांडी के इस बयान के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा की ओर से उम्मीदवार कौन होगा और चुनाव में पार्टी की रणनीति क्या रहेगी, इस पर अब सबकी नजर केंद्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी हुई है।
राज्यसभा चुनाव के मुद्दे के साथ ही बाबूलाल मरांडी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार अपराध पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उनके अनुसार पुलिस प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है, जिसके कारण अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और आम लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बन गया है।
इससे पूर्व जमशेदपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। परिसदन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। दौरे के दौरान उन्होंने टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचकर उपचाररत भाजपा पश्चिम सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू का हालचाल भी जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
No Comment! Be the first one.