चतरा में दर्दनाक सड़क हादसा मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को हाईवा ने कुचला, NH-22 जाम

News Saga Desk

झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना गेट के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतका की पहचान कांति देवी (60), पति स्वर्गीय गोविंद साव, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कांति देवी सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए NH-22 को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हादसे में शामिल वाहन तथा चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिस प्रशासन सड़क जाम हटाने और स्थिति को सामान्य करने में जुटा हुआ है, हालांकि परिजन अभी भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

Read More News

Read More