रांची रिम्स की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े मामले में एसीबी की गिरिडीह में छापेमारी। पूर्व सीओ शैलेश कुमार के आवास पर 5 घंटे जांच, 100 करोड़ से अधिक की जमीन का मामला। पढ़ें पूरी खबर।
झारखंड के गिरिडीह में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़े कथित घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने पूर्व बड़गाईं अंचलाधिकारी (सीओ) शैलेश कुमार के नगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर स्थित आवास पर छापेमारी की और वहां लगभग 5 घंटे तक जांच-पड़ताल की।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसीबी टीम इस प्रकरण में जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व रिकॉर्ड से जुड़े कागजातों की गहन छानबीन कर रही है।
100 करोड़ रुपये से अधिक की 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला रिम्स के विस्तार के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें मोरहाबादी मौजा की लगभग 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। इस विवादित भूमि की अनुमानित कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
आरोप है कि रिम्स के लिए अधिग्रहित इस सरकारी जमीन को कथित तौर पर फर्जी वंशावली, फर्जी दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर के जरिए निजी संपत्ति के रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया तथा बाद में इसकी खरीद-बिक्री की कोशिश भी की गई। बताया जाता है कि जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण भी किया गया था, जिसे बाद में न्यायिक आदेश के तहत हटाया गया था।
रांची व गिरिडीह में समानांतर कार्रवाई से बढ़ी हलचल
रिम्स की अधिग्रहित भूमि से जुड़े मामले में रांची के साथ-साथ गिरिडीह में हुई इस छापेमारी के बाद प्रशासनिक व स्थानीय हलकों में हलचल तेज हो गई है। एसीबी की जांच में सामने आने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होने की संभावना है।
No Comment! Be the first one.