भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में सरिया प्रखंड के बिरहोर टांडा, पिपराडीह (चिचकी) में 8 बिरहोर परिवारों के लिए खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ।
NEWS SAGA DESK
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में सरिया प्रखंड के बिरहोर टांडा, पिपराडीह (चिचकी) में 8 बिरहोर परिवारों के लिए खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत बने पक्के मकानों में इन परिवारों को गृह प्रवेश कराया गया।
शुक्रवार को उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने गांव पहुंचकर लाभुक परिवारों को उनके नए घरों में प्रवेश कराया। इस दौरान परिवारों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। वर्षों से बेहतर और सुरक्षित आवास की उम्मीद कर रहे इन परिवारों के लिए पक्का मकान मिलना किसी बड़े सपने के पूरा होने जैसा है।
पीएम जनमन योजना से बदलेगी बिरहोर परिवारों की जिंदगी
इस मौके पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि पीएम जनमन योजना का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के परिवारों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। बिरहोर समुदाय के लोगों को पक्का घर मिलने से उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसी भी पात्र परिवार से छूटना नहीं चाहिए। सभी योजनाओं को पारदर्शिता के साथ समय पर पूरा किया जाए। साथ ही नए घरों में रहने वाले परिवारों को पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और दूसरी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
28 नवंबर तक जिले में चलेंगे विशेष कार्यक्रम
गौरतलब है कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 से 28 नवंबर तक गिरिडीह जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
No Comment! Be the first one.