NEWS SAGA DESK
रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में “सतर्कता जागरूकता अभियान” के तहत बीते ढाई महीनों से सतर्कता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सीसीएल मुख्यालय में दो दिवसीय “सतर्कता महोत्सव-2025” का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव के तहत सीसीएल मुख्यालय और सभी क्षेत्रों में सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम को प्रेरणा देने वाले गीत ‘वंदे मातरम’ के महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत से हुई। इसके बाद सीएमडी, निदेशकगण और सीवीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान सतर्कता मार्च और बैलून रिलीज़ के माध्यम से भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति का संदेश दिया गया। इसके साथ ही लाइव पेंटिंग वर्कशॉप का उद्घाटन किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने “सतर्कता : हमारी साझा जिम्मेदारी” विषय पर अपनी कलात्मक प्रस्तुति दी।
सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि “पारदर्शिता हमारी कार्यसंस्कृति की पहचान है। हमें संयम और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। सामान्य समझ और ईमानदारी ही सतर्कता की बुनियाद हैं।” वहीं, सीवीओ पंकज कुमार ने कहा कि “सतर्कता केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि रोकथाम की प्रक्रिया है। जागरूकता और सावधानी से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सकता है।”
महोत्सव के दौरान रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग, पॉट पेंटिंग और लाइव पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में “नारी शक्ति वंदन” थीम के तहत अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति सिंह के नेतृत्व में सदस्याओं ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीसीएल परिवार में सतर्कता, पारदर्शिता और महिला सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
No Comment! Be the first one.