News Saga Desk
झारखंड के जामताड़ा की बेटी देवासी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य और देश का नाम रोशन किया है। थाईलैंड में आयोजित एयर गन राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में देवासी ने गोल्ड मेडल जीतकर एक नया इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि के बाद पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद देवासी हेंब्रम अपने माता-पिता के साथ झारखंड विधानसभा पहुंचीं, जहां विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने उन्हें सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जामताड़ा की बेटी देवासी ने थाईलैंड में गोल्ड मेडल जीतकर पूरे झारखंड और देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।
रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि प्रतिभा कभी गरीब और अमीर में फर्क नहीं करती। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई ऐसे प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, जिनमें दुनिया के सामने अपनी पहचान बनाने की क्षमता है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन देने की है।
देवासी हेंब्रम की इस सफलता से झारखंड के युवाओं, खासकर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को नई प्रेरणा मिली है। उनकी यह उपलब्धि आने वाले खिलाड़ियों के लिए मिसाल बन गई है।
No Comment! Be the first one.