News Saga Desk
रांची: राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में इन दिनों मौसम आग उगल रहा है। राज्य के 11 जिलों में भीषण गर्मी के कारण अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है। प्रचंड धूप और लू के थपेड़ों से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। इन जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान गढ़वा और चतरा में रिकॉर्ड किया गया, जहाँ पारा 44 डिग्री तक पहुँच गया है। गढ़वा व चतरा में 44 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में 43.4 डिग्री सेल्सियस, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम में 42 डिग्री सेल्सियस, सरायकेला में 42 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 41.2 डिग्री सेल्सियस, रामगढ़, गुमला, गिरिडीह और सिमडेगा में 40 डिग्री सेल्सियस।
रांची में दोपहर बाद आंशिक राहत
राजधानी रांची में गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप रही, लेकिन दोपहर के बाद आंशिक रूप से बादल छाने से लोगों को प्रचंड गर्मी से थोड़ी राहत मिली। रांची में आज अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
धनबाद के पंचेत में सबसे ज्यादा बारिश
गर्मी के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 10.2 मिलीमीटर बारिश धनबाद जिले के पंचेत में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मैथन, सिकटिया, महेशपुर और गोविंदपुर में भी हल्की वर्षा हुई।
23 और 24 मई को आंधी-बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग ने तपती गर्मी के बीच राहत की उम्मीद जताई है। विभाग के अनुसार, 23 और 24 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की आशंका है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
No Comment! Be the first one.