दून एक्सप्रेस से 7.8 लाख रुपये मूल्य के 78 जीवित कछुए बरामद, आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई

NEWS SAGA DESK

धनबाद। धनबाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन WILEP के तहत वन्यजीव तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार तड़के योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) के महिला कोच से 78 जीवित कछुओं को बरामद किया। बरामद किए गए कछुओं की अनुमानित कीमत करीब 7.8 लाख रुपये बताई जा रही है।

वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर गठित आरपीएफ की टास्क टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के महिला कोच में वन्यजीवों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर पहुंची और ट्रेन के आगमन पर महिला कोच की तलाशी ली।

जांच के दौरान सीट के नीचे से कपड़े के छह लावारिस थैले बरामद हुए। आसपास की महिला यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी उन पर दावा नहीं किया। जब थैलों को खोला गया तो उनमें जूट के बोरे में बंद 78 जीवित इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के कछुए पाए गए।

आरपीएफ ने सभी कछुओं को जब्त कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज किया और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। बाद में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी कछुओं को वन क्षेत्र पदाधिकारी धनबाद को सुपुर्द किया गया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान वन्यजीव तस्करी को रोकने की दिशा में एक अहम सफलता है।

Read More News

BREAKING: बेगूसराय में युवती से दरिंदगी का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

बिहार के बेगूसराय में युवती के अपहरण, कथित दुष्कर्म और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का...

Read More