News Saga Desk
नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट और होटल में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में मध्य एशिया और अफ्रीकी देशों के कुछ नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार आग सुबह करीब 8:50 बजे लगी। शुरुआती जांच में पता चला है कि छह मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट से आग की शुरुआत हुई, जो कुछ ही देर में ऊपर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल तक फैल गई। आग ने इमारत की तीन मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, DDMA और अन्य आपातकालीन एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। अब तक 37 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि बेसमेंट से भी छह से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी ने दी जानकारी
दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। संयुक्त प्रयासों के तहत 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन इस हादसे में खबर लिखे जाने तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
हादसे में गुरुग्राम निवासी विवेक अग्रवाल और उनकी बड़ी बेटी जीविशा की भी मौत हो गई। विवेक अपने पिता के इलाज के सिलसिले में परिवार के साथ दिल्ली आए थे। उनके पिता मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे के समय विवेक अपनी पत्नी, दो बेटियों और रिश्तेदारों के साथ होटल में ठहरे हुए थे। परिवार के छह सदस्यों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि विवेक की पत्नी और छोटी बेटी के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
नेताओं ने जताया शोक
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे अत्यंत हृदयविदारक घटना बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की सहायता करने की अपील की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बचाव कार्य में जुटी एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
जांच जारी
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में फंसे लोगों की तलाश और राहत कार्य अभी भी जारी है।
No Comment! Be the first one.