असम में NDA सरकार की वापसी, हिमंता बिस्वा सरमा ने दूसरी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

News Saga Desk

असम में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की शानदार जीत के बाद मंगलवार को हिमंता बिस्वा सरमा ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सुबह 11:40 बजे उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

57 वर्षीय हिमंता बिस्वा सरमा असम में लगातार दूसरी बार शपथ लेने वाले पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनके साथ चार अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इनमें BJP के अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, असम गण परिषद (AGP) के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के चरण बोरो शामिल हैं। अजंता नियोग, अतुल बोरा और चरण बोरो पहले भी हिमंता सरकार में मंत्री रह चुके हैं, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली ने राज्य की राजनीति में वापसी की है।

असम में NDA की यह लगातार तीसरी सरकार है। इससे पहले 2016 में सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में गठबंधन ने पहली बार राज्य में सत्ता हासिल की थी। वर्तमान में सोनोवाल केंद्र सरकार में मंत्री हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और BJP नेताओं ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने खानापारा स्थित राज्य अतिथि गृह कोइनाधोरा में रात्रि विश्राम किया।

शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, चिराग पासवान, ललन सिंह और सर्बानंद सोनोवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के प्रमोद सावंत, राजस्थान के भजन लाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मोहन चरण माझी और मध्य प्रदेश के मोहन यादव समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल हुए। समारोह में उद्योग जगत की हस्तियां, वैष्णव मठों के सत्राधिकार, BJP कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद रहे।

Read More News

जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर: रिटायरमेंट के डर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, बेटे के सामने फूट-फूटकर रोया आरोपी पिता

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। आरोपी पिता रवींद्र सिंह ने...

Read More