News Saga Desk
सीवान : मंगलवार आधी रात को सीवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर अपराधी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

बता दें की घायल अपराधियों की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के सदरपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार शर्मा और चौकी हसन गांव निवासी 19 वर्षीय रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया और रात में ही सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया।
घटना का विवरण
बसंतपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही दोनों अपराधी मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की।
पीछा किए जाने पर अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए सटीक फायरिंग की, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
रोहित कुमार शर्मा ने पूछताछ में कबूल किया कि वह बसंतपुर के खोड़ीपाकड़ ज्वेलरी लूटकांड और हाल के अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल रहा है। इसके अलावा वह अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा है और हैदराबाद समेत कई शहरों में लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसका साथी रिशु भी अरुण ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल रहा है।
घायलों की स्थिति
सदर अस्पताल के डॉक्टर आलोक कुमार सिन्हा के अनुसार, रोहित शर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि रिशु के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली आर-पार हो गई है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
इस मुठभेड़ के बाद जिले में सक्रिय लूट गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। सुरक्षा बल जिले में सतर्क हैं और घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
No Comment! Be the first one.