1614 पदों की बहाली का रिजल्ट लंबित, अभ्यर्थियों ने DC ऑफिस का किया घेराव

News Saga Desk

रांची जिला में 1614 पदों के लिए आयोजित होमगार्ड बहाली भर्ती परीक्षा का रिजल्ट अब तक जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। शनिवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने JLKM नेता देवेन्द्रनाथ महतो के नेतृत्व में DC ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन और घेराव किया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 10 जनवरी 2026 को शारीरिक एवं लिखित परीक्षा पूरी हो चुकी थी, लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से रिजल्ट जारी नहीं किया गया है। कई बार जिला प्रशासन से संपर्क करने के बावजूद सिर्फ जल्द परिणाम जारी करने का आश्वासन मिला।

मोरहाबादी मैदान से निकाला पैदल मार्च

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी पहले मोरहाबादी मैदान में जमा हुए। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों ने पैदल मार्च करते हुए DC ऑफिस पहुंचकर घेराव किया। अभ्यर्थियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द रिजल्ट जारी करने की मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर समय पर परिणाम जारी कर दिया जाता तो चयनित अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग अब तक काफी हद तक पूरी हो चुकी होती और जिले में होमगार्ड जवानों की कमी भी दूर हो जाती।

होमगार्ड जवानों पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

रांची जिले में होमगार्ड जवानों को ट्रैफिक व्यवस्था संभालने से लेकर थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग तक की जिम्मेदारी दी जाती है। इसके अलावा रिम्स और सदर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था में भी होमगार्ड जवान तैनात रहते हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि नई बहाली नहीं होने की वजह से मौजूदा जवानों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। समय पर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने से शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूती मिल सकती थी।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगें

  • होमगार्ड बहाली परीक्षा का रिजल्ट अविलंब जारी किया जाए
  • रिजल्ट में देरी होने का कारण सार्वजनिक किया जाए
  • शहरी क्षेत्र के अभ्यर्थियों के स्थानीय प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया जाए
  • ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जल्द नियुक्ति की जाए .

Read More News

Read More