योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सुशासन, सेवा और अंत्योदय का प्रतीक बताया। काशी-वडनगर यात्रा को हरी झंडी मिली।
News Saga Desk
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सुशासन, सेवा और अंत्योदय का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार परिश्रम करते हुए देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा सेवा, विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ी रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को वाराणसी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली सेवा संकल्प बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई सार्वजनिक सेवा की यात्रा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को संवैधानिक पद पर उनकी सेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र के साथ लगातार काम किया।
उन्होंने कहा कि परिश्रम और साधना के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक यात्रा ने देश में विकास की नई दिशा प्रस्तुत की है। योगी के मुताबिक, यह ऐसा भारत है जो अपनी विरासत पर गर्व करता है और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखता है।
विकास के साथ विरासत और सांस्कृतिक पहचान
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विकास के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर, मीरजापुर के विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, केदारपुरी, बद्रीनाथ धाम और महाकाल कॉरिडोर जैसे धार्मिक स्थलों के विकास का जिक्र किया।

उन्होंने 2025 में आयोजित प्रयागराज महाकुंभ का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रक्रिया दिखाई दे रही है।
इसे भी देखे- राधास्वामी नेटवर्क पर ED की नजर, बैंक खातों से संपत्तियों तक खंगाली जा रही कुंडली
अंतिम पायदान तक सेवा पहुंचाने पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामान्य नागरिकों के जीवन में बदलाव लाने के लिए लगातार काम किया है। उनके अनुसार, काशी से शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा की भावना पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने बाइक यात्रा में शामिल युवाओं के उत्साह की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे।
No Comment! Be the first one.