‘दृश्यम 3’ की शूटिंग पूरी, गांधी जयंती 2026 पर सिनेमाघरों में होगी रिलीज

NEWS SAGA DESK

मुंबई :- अभिनेता अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित फिल्म दृश्यम 3 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के निर्देशक अभिषेक पाठक ने इसकी शूटिंग पूरी होने की पुष्टि कर दी है। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में पहुंच चुकी है और केवल कुछ पैचवर्क का काम शेष है।

सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के चर्चित किरदार में नजर आएंगे।

जयदीप अहलावत की होगी एंट्री

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं तब्बू और श्रिया सरन अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ाती नजर आएंगी।

फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है और शूटिंग पूरी होने के बाद अब इसकी रिलीज की तैयारियां तेज हो गई हैं।

मलयालम संस्करण से अलग होगी कहानी

फिल्म के निर्माता कुमार मंगत पाठक और निर्देशक अभिषेक पाठक ने स्पष्ट किया है कि हिंदी संस्करण की कहानी मलयालम फिल्म से अलग होगी।

उनके अनुसार, जहां मोहनलाल अभिनीत मलयालम संस्करण पारिवारिक ड्रामा पर अधिक केंद्रित है, वहीं हिंदी संस्करण को पारिवारिक थ्रिलर के रूप में विकसित किया गया है।

मेकर्स का कहना है कि हिंदी दर्शकों के लिए एक नया और अलग कथानक तैयार किया गया है, जो फिल्म में रोमांच और रहस्य को और अधिक बढ़ाएगा।

दर्शकों में बढ़ी उत्सुकता

‘दृश्यम’ और दृश्यम 2 की सफलता के बाद तीसरे भाग को लेकर दर्शकों की अपेक्षाएं काफी बढ़ गई हैं। विजय सालगांवकर की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचेगी और इस बार उसके सामने कौन सी नई चुनौती होगी, इसे लेकर फिल्म प्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है।

फिल्म की शूटिंग पूरी होने के साथ ही अब दर्शकों की निगाहें इसके ट्रेलर और आगामी प्रचार अभियान पर टिकी हैं।

Read More News

नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की...

Read More