बागपत में अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर डिजिटल निगरानी, भ्रूण लिंग जांच रोकने के लिए लगेगा एक्टिव ट्रेकर सिस्टम

NEWS SAGA DESK

बागपत :- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भ्रूण लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और लिंगानुपात में सुधार के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित पीसीपीएनडीटी एक्ट की समीक्षा बैठक में जिले के सभी 46 पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर “एक्टिव ट्रेकर सिस्टम” स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

इस प्रणाली के लागू होने के बाद प्रत्येक अल्ट्रासाउंड मशीन की गतिविधियों की डिजिटल निगरानी की जाएगी। सिस्टम मशीन के चालू और बंद होने का समय, संचालन की अवधि तथा उपयोग से संबंधित अन्य जानकारियों को रिकॉर्ड करेगा। इससे रिकॉर्ड और वास्तविक उपयोग के बीच किसी भी तरह की विसंगति का पता लगाना आसान होगा और अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पीसीपीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों के रिकॉर्ड, फॉर्म-एफ और मशीनों के संचालन का नियमित सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने बिना पंजीकरण संचालित अल्ट्रासाउंड मशीनों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि यह पहल “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ स्वास्थ्य संस्थानों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मददगार साबित होगी।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की टीम बागपत के कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापेमारी कर चुकी है। इनमें कुछ सेंटर अवैध रूप से संचालित पाए गए थे, जबकि कुछ पर भ्रूण लिंग जांच के आरोप लगे थे। ऐसे मामलों को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों की निगरानी को और सख्त करने का फैसला लिया है।

जिलाधिकारी ने विश्वास जताया कि नई निगरानी व्यवस्था से जिले में अवैध लिंग जांच पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कन्या भ्रूण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

Read More News

नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की...

Read More