BJP

तमिलनाडु भाजपा में हलचल के. अन्नामलाई ने दिया इस्तीफा, नई राजनीतिक पारी की अटकलें तेज

News Saga Desk

तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना पांच पन्नों का त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफे के बाद अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इसके तुरंत बाद चेन्नई के लिए रवाना हो गए।

अच्छे संबंधों के साथ अलग होने की इच्छा

सूत्रों के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बी.एल. संतोष के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में अन्नामलाई ने पार्टी से सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होने की इच्छा जताई। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को बताया कि अब वे अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ना चाहते हैं।

भाजपा नेतृत्व की मनाने की कोशिश

हालांकि, भाजपा नेतृत्व अन्नामलाई को मनाने के प्रयास में जुटा हुआ है। पार्टी के भीतर चर्चा है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें अगली सूचना तक दिल्ली में ही रहने को कहा गया है।

लंबे समय से चल रही थीं अटकलें

अन्नामलाई के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक गलियारों में काफी समय से चर्चाएं चल रही थीं। पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे अन्नामलाई और पार्टी नेतृत्व के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद की खबरें भी सामने आती रही हैं। वर्ष 2025 में उनकी जगह नैनार नागेंद्रन को तमिलनाडु भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद इन अटकलों को और बल मिला।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एमजीआर और जे. जयललिता को लेकर अन्नामलाई के कुछ आक्रामक बयानों से भाजपा और एआईएडीएमके के संबंधों में तनाव पैदा हुआ था, जिसका राजनीतिक असर दोनों दलों पर पड़ा।

नई पार्टी की चर्चा तेज

अन्नामलाई के राजनीतिक भविष्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चाएं तेज हैं। कोयंबटूर में उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों ने इन अटकलों को और हवा दी है। 4 जून को उनके जन्मदिन से पहले शहर के प्रमुख स्थानों पर “हमारे नेता, आइए और हमारा नेतृत्व कीजिए” जैसे संदेशों वाले पोस्टर लगाए गए थे।

सोमवार को सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों ने कथित तौर पर “मक्कल शक्ति अय्यकम” (जनशक्ति आंदोलन) नामक नई राजनीतिक पार्टी के झंडे और डिजाइन भी साझा किए। अन्नामलाई के करीबी सूत्रों का दावा है कि उनकी नई राजनीतिक पारी को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

Read More News

नीट पेपर लीक मामले को लेकर युवा कांग्रेस का लोक भवन घेराव, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

रांची में मंगलवार को युवा कांग्रेस के बैनर तले नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों की...

Read More