News Saga Desk
आर्थिक राजधानी में स्वागत: भारत दौरे के आखिरी पड़ाव पर मुंबई पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति, राज्यपाल ने किया रिसीव
राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है, जिसकी शुरुआत 30 मई को बिहार के बोधगया से हुई थी। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता संपन्न करने के बाद, वे अपने दौरे के अंतिम चरण में मुंबई आए हैं। मुंबई में उनका मुख्य उद्देश्य भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और बड़े व्यापारिक संगठनों के साथ बैठकें करना है, जिससे भारत-म्यांमार के बीच आर्थिक सहयोग, निवेश के अवसरों और क्षेत्रीय व्यापार को एक नई दिशा दी जा सके
म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग अपनी पांच दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा के तहत मंगलवार को मुंबई पहुंचे। देश की आर्थिक राजधानी पहुंचने पर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और दोनों देशों के राजनयिक भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति पद संभालने के बाद यू मिन आंग ह्लाइंग का यह पहला विदेशी दौरा है। ऐसे में इस यात्रा को भारत और म्यांमार के बीच रणनीतिक, आर्थिक और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुंबई प्रवास के दौरान राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग देश के प्रमुख उद्योगपतियों, बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ प्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के साथ उच्च स्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इन बैठकों में निवेश, व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा होगी।
राष्ट्रपति ने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत बिहार स्थित बोधगया से की थी, जहां उन्होंने महाबोधि मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात कर विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता की। वहीं शाम को उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों को लेकर हुई इन बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.