News Saga Desk
हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी प्रखंड के झरदाग गांव में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हुआ। एक ही परिवार की चार मासूम बच्चियां घर के पास बने तालाब में डूब गईं, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व संपन्न होने के बाद चारों बहनें – रिंकी कुमारी, रिया कुमारी, साक्षी कुमारी और पूजा कुमारी – तालाब के किनारे खेलने गई थीं। खेलते-खेलते एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों भी तालाब में उतर गईं, लेकिन चारों की ही डूबने से मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चियों के शोर सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे, तब तक देर हो चुकी थी। चारों को किसी तरह तालाब से बाहर निकाला गया और तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कटकमसांडी थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग भेज दिया है।
अंचल अधिकारी ने कहा कि प्रशासन शोकाकुल परिवार के साथ है और आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को तालाब या गहरे पानी के पास खेलने से रोकें, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
इस हादसे से पूरे झरदाग गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जहां कुछ घंटे पहले छठ पर्व की खुशियां थीं, वहीं अब हर आंख नम है और वातावरण शोकमग्न हो गया है।
No Comment! Be the first one.