News Saga Desk
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपित को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बलिया जिले के फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव का रहने वाला है।
सीबीआई ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर उसे गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी को चंद्रनाथ रथ की हत्या में उसकी कथित संलिप्तता की विशेष जानकारी मिली थी। अधिकारियों के अनुसार, नवीन कुमार सिंह के पास से बरामद हथियारों का इस्तेमाल इस चर्चित हत्याकांड में किए जाने की आशंका है। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
इस बीच सीबीआई ने पश्चिम बंगाल की अदालत में याचिका दाखिल कर राज सिंह की रिहाई की मांग की है, जिसे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष जांच टीम ने बलिया से गिरफ्तार किया था। बाद में सीबीआई ने असली राज कुमार सिंह उर्फ राज सिंह को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया।
जांच के दौरान वाराणसी एसटीएफ की टीम 19 मई को बलिया पहुंची थी। तलाशी अभियान के दौरान नवीन कुमार सिंह के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में नवीन ने कथित तौर पर बताया कि सात मई को ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू उससे मिला था। उसके साथ राज कुमार सिंह और गोलू सिंह भी मौजूद थे। नवीन के अनुसार, बाद में मन्नू ने उसे हथियारों से भरा एक बैग सौंपा था।
नवीन की निशानदेही पर एसटीएफ ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक कार शोरूम से बैग बरामद किया। बैग से तीन पिस्तौल, दो रिवॉल्वर, .32 बोर के 45 जिंदा कारतूस, तीन खाली खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद पिस्तौलों में से एक अमेरिका निर्मित बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक राज कुमार सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मन्नू और गोलू सिंह अभी फरार हैं। गिरफ्तारी के बाद नवीन कुमार सिंह को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ की छह मई को उत्तर 24 परगना जिले में नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
No Comment! Be the first one.