News Saga Desk
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में मामूली विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर मौनी महराज और महाकालेश्वर नागाबाबा आश्रम मंदिर के पुजारी अजय शुक्ला आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट, अभद्रता और गाली-गलौज जैसे गंभीर आरोप लगा रहे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, राममंदिर निर्माण के उपलक्ष्य में पिछले छह वर्षों से अमेठी के सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर मौनी महराज अधिक मास के दौरान विशेष अनुष्ठान और भू-समाधि कार्यक्रम करते आ रहे हैं। इस बार भी वे अनुष्ठान कर रहे थे। आरोप है कि महंत गिरी जी महाराज के उत्तराधिकारी एवं महाकालेश्वर नागाबाबा आश्रम मंदिर के पुजारी अजय शुक्ला ने अनुष्ठान में व्यवधान डालते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
मौनी महराज का कहना है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत जिले के आला अधिकारियों से की, लेकिन अजय शुक्ला के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर मौनी महराज ने सीताकुंड घाट पर तीन दिनों की भू-समाधि ले ली है।
वहीं दूसरी ओर, पुजारी अजय शुक्ला की पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि मौनी महराज के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। अजय शुक्ला का कहना है कि वे लंबे समय से मंदिर में रहकर पूजा-पाठ कर रहे हैं और यह विवाद केवल थाले की ईंट हटाने को लेकर शुरू हुआ था।
अजय शुक्ला ने दावा किया कि वे अपनी बात रखने मौनी महराज के पास गए थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है ताकि मंदिर पर कब्जा किया जा सके। साथ ही उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।
फिलहाल मामले में कौन सही है और कौन गलत, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
No Comment! Be the first one.