पश्चिम बंगाल की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता और रखरखाव पर गडकरी का जोर

NEWS SAGA DESK

नई दिल्ली :– केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में चल रही 3,748 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और रखरखाव की व्यापक समीक्षा की। यह समीक्षा मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर की गई।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार आयोजित समीक्षा बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी, मंत्रालय के प्रतिनिधि तथा विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदार शामिल हुए।

बैठक के दौरान नितिन गडकरी ने जमीनी स्तर पर कार्यों में तेजी लाने, निर्माण गुणवत्ता की निगरानी को और मजबूत करने तथा आधुनिक निर्माण तकनीकों को अपनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर गुणवत्ता वाली सड़कें न केवल परियोजनाओं की आयु बढ़ाती हैं, बल्कि यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव और निर्बाध संपर्क सुविधा भी प्रदान करती हैं।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में ढलान सुरक्षा उपायों तथा त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर जोर दिया, ताकि बारिश के मौसम में सड़क यातायात बाधित न हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के रखरखाव, सड़क सुरक्षा मानकों और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। गडकरी ने अधिकारियों से कहा कि परियोजनाओं के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क अवसंरचना के विकास के साथ-साथ उसका प्रभावी रखरखाव भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Read More News

झारखंड से कौन होगा राज्यसभा उम्मीदवार इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व के हाथ – बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थिति स्पष्ट करते...

Read More