जमशेदपुर लाठीचार्ज विवाद: मधु कोड़ा और डीसी के बीच तीखी नोकझोंक, आदिवासी संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

News Saga Desk

जमशेदपुर: जमशेदपुर में पुलिस लाठीचार्ज मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और कई आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त (डीसी) चंदन कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व सीएम और डीसी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
ज्ञापन सौंपते समय डीसी चंदन कुमार द्वारा कैमरा देखकर नेताओं के “दिखावा” करने की टिप्पणी से मधु कोड़ा नाराज हो गए। गुस्से में खड़े होकर कोड़ा ने कहा, “आपका लहजा बिल्कुल ठीक नहीं है। हम लोग जंगल से नहीं आए हैं। नेता के बिना देश नहीं चलेगा, यह अच्छी तरह समझ लीजिए।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर मांगे पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कोड़ा ने कहा, “लहजा बदलें और मांग पूरी करें, वरना कोल्हान बंद होगा।”
आदिवासी संगठनों ने सौंपी मांग पत्र
मधु कोड़ा के नेतृत्व में आदिवासी हो समाज महासभा, कोल्हान पोड़ाहाट मानकी मुंडा संघ और अन्य सामाजिक संगठनों ने संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन डीसी को सौंपा।
मांग पत्र में निम्नलिखित प्रमुख मांगें शामिल थीं –
जेल भेजे गए 16 ग्रामीणों की बिना शर्त रिहाई।
नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाए।
सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सख्ती से ‘नो एंट्री’ लागू की जाए।
मांग पत्र पर मधु कोड़ा, गणेश पाट पिंगुवा, बमिया बारी, नागेश्वरी जारिका, इन्दू तियू, सरस्वती बानरा, मंजु बानरा, रोशन रवि पाड़ेया सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।

कोल्हान में शांति बनाए रखने की अपील
बैठक में विभिन्न संगठनों ने सर्वसम्मति से कहा कि कोल्हान के शांतिपूर्ण माहौल को बिगड़ने से बचाने के लिए पूर्व की तरह ‘नो एंट्री’ नीति को फिर से लागू किया जाए और निर्दोष ग्रामीणों को रिहा किया जाए।
प्रतिनिधि मंडल में पूर्व स्पीकर देवेंद्र नाथ चांपिया समेत बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के पुरुष और महिलाएं मौजूद रहीं।

Read More News

BREAKING: बेगूसराय में युवती से दरिंदगी का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

बिहार के बेगूसराय में युवती के अपहरण, कथित दुष्कर्म और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का...

बिहार में अपराध की तीन घटनाएं: बेगूसराय में युवती से दरिंदगी, दरभंगा में बच्ची से छेड़छाड़, पटना में चाकूबाजी

Bihar Crime News: बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बेगूसराय में होटल के भीतर युवती से...

Read More