News Saga Desk
आईपीएल 2026 में आज शाम 7:30 बजे KKR और MI के बीच ईडन गार्डन्स में अहम मुकाबला खेला जाएगा। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए कोलकाता के लिए यह मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केकेआर फिलहाल 12 मैचों में 11 अंकों के साथ अंक तालिका में 8वें स्थान पर है, जबकि मुंबई इंडियंस 8 अंकों के साथ 9वें स्थान पर मौजूद है और पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 36 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें मुंबई इंडियंस ने 25 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता को सिर्फ 11 जीत मिली है। इस सीजन की पिछली भिड़ंत में भी मुंबई ने केकेआर को हराया था।
कोलकाता की राह अब भी मुश्किल बनी हुई है। आज का मुकाबला जीतने के बाद भी उसकी नजर अन्य टीमों के परिणामों पर रहेगी। बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद की टीमें पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं। चौथे स्थान के लिए पंजाब, राजस्थान, चेन्नई, दिल्ली और केकेआर के बीच कड़ी टक्कर जारी है। पंजाब किंग्स 13 अंकों के साथ सबसे आगे है, जबकि राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के 12-12 अंक हैं।
वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की आज वापसी हो सकती है। चोट के कारण वह पिछले तीन मैचों से बाहर थे, लेकिन मंगलवार को उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास किया। हालांकि इस सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने 8 पारियों में 146 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में सिर्फ 4 विकेट हासिल किए हैं।
मुंबई को इस मुकाबले से पहले दोहरा झटका भी लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण आईपीएल 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। डी कॉक को बाएं हाथ की कलाई में चोट लगी, जबकि राज अंगद बावा दाएं हाथ के अंगूठे की चोट से जूझ रहे हैं।
पिच रिपोर्ट की बात करें तो ईडन गार्डन्स की विकेट बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है और छोटी बाउंड्री के कारण बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, जबकि बाद में स्पिनर्स भी असर छोड़ सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शाम के समय हल्की बारिश की आशंका जरूर है, लेकिन मैच के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई गई है।
No Comment! Be the first one.