गुरुग्राम अमन हत्याकांड में दूसरा आरोपी गिरफ्तार, नांगलोई से दबोचा गया

NEWS SAGA DESK

गुरुग्राम :- गुरुग्राम पुलिस ने 30 वर्षीय युवक अमन की हत्या के मामले में दूसरे आरोपी को दिल्ली के नांगलोई इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गढ़ी हरसरू निवासी सौम्य जैन के रूप में हुई है।

पुलिस जांच के अनुसार 16 मई की रात पुरानी रंजिश के चलते अमन की गमछे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और शव को सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल बिल्डिंग और यूनिटेक बिल्डिंग के बीच रास्ते के पास लोहे के खाली बिजली पोल के अंदर छिपा दिया।

17 मई को बादशाहपुर थाना पुलिस को बिजली पोल के भीतर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर फिंगरप्रिंट टीम, क्राइम टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव को कब्जे में लिया गया। बाद में मृतक की पहचान गढ़ी हरसरू निवासी अमन के रूप में हुई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमन 16 मई को दोस्तों के साथ घर से निकला था। कुछ समय बाद उसके दोस्तों ने फोन कर जानकारी दी कि अमन के साथ मारपीट की गई है। अगले दिन पुलिस जांच में हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि मृतक अमन का आरोपी सौम्य जैन और उसके साथियों के साथ पहले विवाद हो चुका था। इसी रंजिश में सौम्य ने अपने साथी रवि बघेल और अन्य लोगों के साथ मिलकर अमन की पिटाई की और गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस इससे पहले 21 मई को आरोपी रवि बघेल को गिरफ्तार कर चुकी है। अब सौम्य जैन को नांगलोई से पकड़कर गुरुग्राम लाया गया है। पुलिस उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।

Read More News

Read More