News Saga Desk
लखनऊ| रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 मई को सीजीसीटी लखनऊ में नवनिर्मित नौसेना संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे। गुरुवार को महानिदेशक पर्यटन वेदपति मिश्र ने बताया कि नौसेना संग्रहालय का निर्माण भारतीय नौसेना और उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने मिलकर किया है। इसमें समुद्र की रक्षा करने वाली नौसेना की वीरता, शक्ति, पराक्रम और तकनीकी दक्षता का दर्शाया गया है।
बताया जा रहा है कि संग्रहालय में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिससे आगंतुकों को भारतीय नौसेना की ताकत और विकास यात्रा को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। संग्रहालय में इंटरैक्टिव डिस्प्ले, वर्चुअल रियलिटी अनुभव और युद्ध अभियानों की झलक भी देखने को मिलेगी। यह संग्रहालय युवाओं को भारतीय नौसेना के प्रति प्रेरित करने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना “आत्मनिर्भर भारत” और समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में भारत की बढ़ती क्षमताओं को भी दर्शाती है। हाल के वर्षों में भारतीय नौसेना लगातार आधुनिक युद्धपोतों और स्वदेशी तकनीकों को अपने बेड़े में शामिल कर रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई नौसैनिक और रक्षा परियोजनाओं का उद्घाटन किया है, जिनमें MILAN 2026 जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास भी शामिल हैं। नौसेना संग्रहालय के उद्घाटन कार्यक्रम में वरिष्ठ नौसेना अधिकारी, रक्षा विशेषज्ञ और कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि यह संग्रहालय आने वाले समय में देश के प्रमुख सैन्य पर्यटन केंद्रों में शामिल हो सकता है।
No Comment! Be the first one.