NEWS SAGA DESK
झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का प्रभाव अब लगभग समाप्त हो चुका है। दो दिनों से जारी लगातार बारिश थम गई है और शनिवार की सुबह राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी रांची सहित धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो में आज सुबह से ही साफ आसमान और धूप देखने को मिली। बीते 24 घंटों में किसी बड़े जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई, जबकि गोड्डा में सर्वाधिक 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। साहिबगंज और पाकुड़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा का असर अब भी देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मोंथा तूफान अब कमजोर होकर छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में सक्रिय है। इसके प्रभाव से झारखंड के पश्चिमी जिलों—गढ़वा, पलामू, लातेहार और रांची के आसपास शाम तक हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है। दूसरी ओर, दिन में धूप खिलने के कारण मौसम साफ है, लेकिन शाम होते ही तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट होगी, जिससे राज्य में सर्दी की शुरुआत हो गई है।
No Comment! Be the first one.