NEWS SAGA DESK
जोधपुर : डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय में शुक्रवार को कंटीन्यूअस कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम-2026 के अंतर्गत विशेष व्याख्यान एवं संहिता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुलगुरु प्रो. (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट द्वारा पीजीआईए सेमिनार हॉल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय शैक्षिक महासंघ के लक्ष्मण बैंगलुरु के संघ प्रचारक ने शिक्षकों और छात्रों को शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में अपने उत्तरदायित्वों का बेहतर निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों पर भी विशेष व्याख्यान दिया।
स्नातकोत्तर स्वस्थवृत्त विभाग की डॉ. खुशबू कुमावत ने ‘हेल्दी फूड’ विषय पर व्याख्यान देते हुए आधुनिक जीवनशैली, भोजन से जुड़े भ्रम और स्वास्थ्य जागरूकता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में स्नातकोत्तर मौलिक सिद्धांत विभाग द्वारा संहिता पाठ का अभ्यास कराया गया। इस दौरान संहिताओं के अध्ययन, शुद्ध उच्चारण और पारंपरिक पद्धति से पाठ करने की महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित विद्यार्थियों और अध्येताओं ने सामूहिक संहिता पाठ का अभ्यास भी किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. गोविंद सहाय शुक्ल ने कहा कि ऐसे क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ भारतीय परंपरा और आयुर्वेदिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आयुर्वेद की मूल संहिताओं के नियमित अध्ययन और उनके व्यवहारिक उपयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रिछपाल राठौड़, प्राचार्य प्रो. चंदन सिंह, संजीवनी आयुर्वेद चिकित्सालय की अधीक्षक प्रो. ए. नीलिमा रेड्डी, प्रो. गोविंद गुप्ता, डॉ. ब्रह्मानंद शर्मा, डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा, डॉ. भानुप्रिया चौधरी, डॉ. गजेंद्र दुबे, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. रामेश्वर डूडी, डॉ. संकल्प शर्मा, डॉ. सतीश ठाकुर सहित आयुर्वेद संकाय के सदस्य और स्नातकोत्तर छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.