बेतवा नदी पर बड़ा हादसा: निर्माणाधीन पुल ढहा, 6 मजदूरों की मौत

News Saga Desk

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस दर्दनाक घटना में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार यह हादसा देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। उस समय इलाके में तेज आंधी और बारिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि पुल के स्लैब और शटरिंग का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास आराम कर रहे थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, प्रशासन, SDRF और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया।

घटना हमीरपुर जिले के ललपुरा क्षेत्र में मोराकंदर-परसानी गांव के पास हुई, जहां बेतवा नदी पर पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। हादसे में घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ मजदूर फंसे हो सकते हैं, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई है। इस घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद की पहल पर दो साल पहले ललपुरा के मोरकांदर व कुरारा के कंडोर के मध्य नए पुल का नेिर्माण शुरू हुआ और कई करोड़ रूपये अवमुक्त किये गए।

Read More News

Read More